इस जीवन की मरुभूमि पर
सजल सरोवर जैसे तुम !
चुभते पाषाणों के पथ पर
कोमल दूर्वादल से तुम !
पीड़ा की कज्जल बदरी ने
ढाँप दिए खुशियों के तारे,
इक तारा कसकर मुठ्ठी में,
बाँध लिया था, वह थे तुम !
ग्रीष्म ऋतु के सूरज जैसा
दाहक दंभ सहा दुनिया का,
शरद पूर्णिमा के मयंक से
झरते सुधा-बिंदु हो तुम !
इंद्रधनुष के रंगों को
नभ ने बिखराया फूलों पर,
मेरे हिस्से के रंगों की
ईश्वर - प्रदत्त धरोहर तुम !
जोड़-जोड़कर जिनको मैंने
जाने कितने गीत बुने,
मेरे गीतों के शब्दों के
पावन अक्षर - अक्षर तुम !!!