मन भूलभुलैया !!!
भटकती हैं भावनाएँ
कल्पनाएँ बावरी सी
छ्टपटा रहे विचार
कौन राह निकलें ?
एक राह दूसरी से, तीसरी से,
चौथी से, पाँचवीं से.....
गुत्थमगुत्था पड़ी हैं
और सभी राहें
गुजरती हैं उसी मन से
भूलभुलैया है जो
मन भूलभुलैया !!!
मन भूलभुलैया !!!
बादलों में बादल
लताओं में लताएँ
शाखों में शाखाएँ
पहाड़ों से गिरती हुई
दुग्ध धवल धाराएँ
उलझे उलझे हैं सब
इतना उलझे हैं कि
अलग हुए तो जैसे
टूट टूट जाएँगे
चित्र सभी कुदरत के !!!
मन भूलभुलैया !!!
मन भूलभुलैया !!!
बेवजह ही फुदकती है
चिड़िया यहाँ वहाँ
झटक भीगे पंखों को
गर्दन को मोड़कर
टेढ़ा कर चोंच को
हेय दृष्टि का कटाक्ष
फेंकती है,
व्यस्त त्रस्त दुनिया के
लोगों पर !!!
उड़ जाती है फुर्र से ।
ठगी सी खड़ी - खड़ी
सोचती मैं रह जाती
मन भूलभुलैया !!!
