रविवार, 25 दिसंबर 2022

याद आता है....

याद आता है, कहीं था 

सरल-सिमटा गाँव कोई !

सर छिपाकर रो सकें, था

एक ऐसा ठाँव कोई !


जिस गली में तुम रहा करते थे,

अब बाजार है वह ।

मोल कोई है लगाता,

पूछता है भाव कोई !


चहकता था यह पुलिन

अल्हड़ हँसी के गूँजने से ।

बह गया जल, शुष्क तट पर

अब नहीं है नाव कोई !


वर्षभर रहता यहाँ है,

अब तो मौसम पतझड़ों का।

रह गए हैं ठूँठ सारे

ले गया सब छाँव कोई !


कंटकों में थी कहाँ, क्षमता

हृदय को चीरने की।

छ्द्म स्मित कर, दे गया है

फूल बनकर घाव कोई !


प्राण की चौपड़ बिछी है,

श्वास के पासे पड़े हैं,

दाँव पर जीवन लगाकर

खेलता है दाँव कोई !

रविवार, 4 दिसंबर 2022

शिकवा

ना जाने किसको देखकर फितरत बदल गई
पल में बदल गया समां, जो रुत बदल गई । 

क्यों नजर चुराएँ, हमने क्या गुनाह किया ?
हम तो वही हैं, तेरी मुहब्बत बदल गई ।

अच्छा हुआ आगाह कर दिया जनाब ने
ये सोचकर चुप रह गए, आदत बदल गई ।

दीवार बन के वक्त बीच में खड़ा रहा
जब तक हटाएँ हम उसे, किस्मत बदल गई ।

बातों की क्या कहें, ये हवा के महल सी हैं
लफ्जों के हेर फेर से, अक्सर बदल गईं ।

ख्वाबों में खत लिखे थे उन्हें, ख्वाब ही थे वो
ख्वाबों के टूटते ही,  इबारत बदल गई ।
 
तस्वीर थी कोई जो, बसा रखी थी दिल में
उतरा जो रंग, यार की सूरत बदल गई ।

मौसम के बदलने से, बदलता है बहुत कुछ,
बदला नहीं वो, उसकी जरूरत बदल गई ।

 


शुक्रवार, 18 नवंबर 2022

रिश्ते

जितना बूझूँ, उतना उलझें

एक पहेली जैसे रिश्ते।

स्नेह दृष्टि की उष्मा पाकर,

पिघल - पिघलकर रिसते रिश्ते।


कभी लहू - से सुर्ख रंग के,

कभी हरे हैं हरी दूब - से ।

कभी प्रेम रंग रंगे गुलाबी ,

पल - पल रंग बदलते रिश्ते।


माटी में मिल वृक्ष उगाते

अँखुआए बीजों - से रिश्ते ।

खुशबू बनकर महक रहे हैं,

चंदन जैसा घिसते रिश्ते।


बूँदें बनकर सिमट गए हैं,

नयनों की गीली कोरों में ,

दो मुट्ठी अपनापन पीकर

सारी उम्र बरसते रिश्ते ।


पतझड़ के पत्तों सम झरते,

नवपल्लव से तरु भरने को ।

अपने प्रिय के हित की खातिर

स्वयं मृत्यु को वरते रिश्ते ।