रविवार, 6 मार्च 2022

अश्वत्थामा

युद्ध पहले भी होते आए हैं

आगे भी होते रहेंगे,

फर्क इतना है कि

पहले होते थे युद्ध देवों और दानवों में

अथवा मानवों और दानवों में।

मानव - मानव में पहला युद्ध

शायद महाभारत ही रहा हो,

उस युद्ध के सारे निशान

मिट भी गए हों समय के साथ,

परंतु .....

एक अश्वत्थामा अपने माथे पर जख्म लिए 

भटक रहा है युगों से ।

बदले की आग में उसका

विवेक भी जलकर राख हो गया था।

युद्ध में जो उसे ठीक लगा,

उसने किया था, बिना सोचे विचारे ! 

और आज होनेवाले युद्ध, 

जो मानव मानव में हो रहे, 

उनका परिणाम  क्या होगा ?

फिर एक बार

कोई अश्वत्थामा पाप लेगा अपने सिर,

होकर दुर्बुद्धि का शिकार

ना जाने कौन अश्वत्थामा

चला दे परमाणु हथियार निर्दोषों पर ।

युद्ध समाप्ति के बाद

ना जाने कितने ही अश्वत्थामा

अपने तन, मन और आत्मा पर जख्म लिए

भटकेंगे सारी धरा पर युगों तक !


रविवार, 13 फ़रवरी 2022

नश्वर हर रेशा बंधन का !

मैं जीवन के शब्दकोष में

अर्थ ढूँढ़ती अपनेपन का !

भीतर जलती एक चिता है,

बाहर उत्सव, गीत सृजन का।


हृदय बावरा अब भी सोता

स्मृतियों को रखकर सिरहाने

फिर पुकार बैठेगा तुमको

यह जब - तब, जाने - अनजाने !

आस अभी, शायद चुन पाऊँ

टुकड़ा-टुकड़ा मन दर्पण का !

भीतर जलती एक चिता है

बाहर उत्सव, गीत सृजन का।


नेह के नाते, कब बन जाते,

कब ये मन पगला जाता है !

कोई ना जाने, किस क्षण में

मिलना, बंधन कहला जाता है !

तन नश्वर, बंधन भी नश्वर,

नश्वर हर रेशा बंधन का !

भीतर जलती एक चिता है,

बाहर उत्सव, गीत सृजन का।







शनिवार, 5 फ़रवरी 2022

'तब गुलमोहर खिलता है' - मेरा तीसरा कविता संग्रह

विघ्नहर्ता विनायक की असीम कृपा, मेरे कान्हा के अनुग्रह, माँ शारदे के कृपा कटाक्ष, गुरुजनों, माता-पिता, व पूर्वजों के आशीर्वाद से आज मेरे तीसरे कविता संकलन 'तब गुलमोहर खिलता है'  का प्रकाशन कार्य संपूर्ण हुआ और वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर यह पाठकों के लिए उपलब्ध हो गई है। 

पुस्तक प्राप्त करने के लिए लिंक नीचे दे रही हूँ। ( लिंक पर जाने हेतु पुस्तक के नाम पर क्लिक करें )

पुस्तक प्रकाशक से प्राप्त करने के लिए लिंक :

तब गुलमोहर खिलता है

पुस्तक अमेजन से प्राप्त करने के लिए लिए लिंक :

तब गुलमोहर खिलता है

मेरी हर पुस्तक की तरह इस पुस्तक के प्रकाशन में भी आदरणीय अयंगर जी का अतुल्य व अमूल्य योगदान रहा। इस सहयोग को कभी विस्मृत नहीं किया जा सकता।