युद्ध पहले भी होते आए हैं
आगे भी होते रहेंगे,
फर्क इतना है कि
पहले होते थे युद्ध देवों और दानवों में
अथवा मानवों और दानवों में।
मानव - मानव में पहला युद्ध
शायद महाभारत ही रहा हो,
उस युद्ध के सारे निशान
मिट भी गए हों समय के साथ,
परंतु .....
एक अश्वत्थामा अपने माथे पर जख्म लिए
भटक रहा है युगों से ।
बदले की आग में उसका
विवेक भी जलकर राख हो गया था।
युद्ध में जो उसे ठीक लगा,
उसने किया था, बिना सोचे विचारे !
और आज होनेवाले युद्ध,
जो मानव मानव में हो रहे,
उनका परिणाम क्या होगा ?
फिर एक बार
कोई अश्वत्थामा पाप लेगा अपने सिर,
होकर दुर्बुद्धि का शिकार
ना जाने कौन अश्वत्थामा
चला दे परमाणु हथियार निर्दोषों पर ।
युद्ध समाप्ति के बाद
ना जाने कितने ही अश्वत्थामा
अपने तन, मन और आत्मा पर जख्म लिए
भटकेंगे सारी धरा पर युगों तक !