बुधवार, 2 फ़रवरी 2022

विशेष

 हर उस व्यक्ति के लिए

जो मेरे लिए विशेष रहा,

मैं कभी विशेष ना रही ।

हर एक विशेष प्रसंग पर,

मेरे विशेष लोगों ने 

अहसास कराया था

मुझे मेरे सामान्य होने का !

मेरी नजर में,

मेरा सामान्य होना ही

मेरी विशेषता थी,

पर वह विशेषता लोगों की नजर में

बड़ी सामान्य थी !

कोई विशेष विशेषता होती, तो

मैं भी विशेष होती किसी के लिए....

शनिवार, 29 जनवरी 2022

भावनाएँ मेरी अब प्रवासी हुईं

इस धरा पर तो मधुमास फिर छा गया,

किंतु पतझड़ मेरे मन की वासी हुई ।

शब्द परदेस में जाके सब बस गए,

भावनाएँ मेरी अब प्रवासी हुईं ।। 


जिसके प्रतिनाद की थी प्रतीक्षा मुझे,

मन की घाटी से वह गीत गुजरा नहीं ।

रोक लेना जिसे, मेरा अधिकार था,

कुछ क्षणों को भी वह भाव ठहरा नहीं ।

राह तक ना सकी उसकी प्रतिबद्धता,

मेरे आने में देरी जरा - सी हुई ।।

शब्द परदेस में जाके सब बस गए

भावनाएँ मेरी अब प्रवासी हुईं ।। 


सुख की मैंने कभी, खोज ना की कहीं,

वेदना से मेरा प्रेम शाश्वत रहा।

जिसको पाना असंभव, वही चाह थी,

मेरी चाहत का हर अंक अद्भुत रहा।

खिलखिलाहट सजाती रही मंच को,

कैद परदों के भीतर उदासी हुई ।।

शब्द परदेस में जाके सब बस गए

भावनाएँ मेरी अब प्रवासी हुईं ।। 


जीविका का नहीं, प्रश्न जीने का था,

खोज जीवन की हर श्वास जारी रही ।

एक टुकड़ा भी जीवन का दे ना सकी,

ज़िंदगी, ज़िंदगीभर भिखारी रही।

कोष श्वासों का भी, यूँ ही लुटता गया,

कुछ मिला ही नहीं, जब तलाशी हुई ।।

शब्द परदेस में जाके सब बस गए

भावनाएँ मेरी अब प्रवासी हुईं ।।

               ©  - मीना शर्मा 















शुक्रवार, 8 अक्टूबर 2021

तलाश

दिन पर दिन बढ़ती जा रही है

दिनभर की भाग दौड़,

कुछ उम्र, कुछ जिम्मेदारियों 

और कुछ सेहत के

तकाजों का जवाब देते-देते,

पस्त हो जाता है शरीर और मन,

दिन भर !!!

कभी तितलियों और पंछियों को

निहारते रहने वाली निगाहें,

अब दिनभर,

मोबाइल और लैपटॉप से जूझतीं हैं,

ऑनलाइन रहती हैं निगाहें दिन भर,

और मन रहता है ऑफलाइन।

बगिया के पौधों को दिन में कई कई बार

सहलानेवाले हाथ,

अब जीवन संघर्ष की उलझी डोर को 

सुलझाते-सुलझाते दुखने लगे हैं।

दिन तो गुजर जाता है

पर जब रात गहराती है, 

मन की सुनसान वीथियों में

तुम्हारा हाथ पकड़कर चल देते हैं

मेरे मनोभाव,

उस छोटे से कोने की तलाश में,

जहाँ चिर विश्रांति मिल सके।

सुनो, एक सवाल पूछना है।

इस तलाश का अंत कब होगा?