यादों के सब पन्ने उड़कर
बिखरे जीवन सरिता तट पर,
सारी सखियाँ लौट गईं,
मैं एकाकी सूने पनघट पर !
इस पनघट पर मेल हुआ था,
हँसी - खुशी का खेल हुआ था।
साँझ हुई, पनघट के साथी
अपनी - अपनी राह चल दिए।
मैं पनघट को छोड़ ना पाऊँ,
अपना नाता तोड़ ना पाऊँ।
मेरे टूटे हृदय - कलश के
टुकड़े छिटके हैं पनघट पर !
सारी सखियाँ लौट गईं,
मैं एकाकी सूने पनघट पर !
पदचिन्हों पर किए समर्पित,
पारिजात के पुष्प निशा में।
भोर हुई, पदचिन्ह मिट गए,
खोजूँ भी तो, कौन दिशा में ?
पनघट तो फिर से चहकेगा,
फिर कोई राही बहकेगा,
किंतु मेरे नयनों की गागर
रिक्त रह गई इस पनघट पर।
सारी सखियाँ लौट गईं,
मैं एकाकी सूने पनघट पर !